
नगर पंचायत सिकंदरा में राजनीतिक भूचाल: कार्यपालक पदाधिकारी की मनमानी के खिलाफ 7 वार्ड पार्षदों ने दिया सामूहिक इस्तीफा।
Wednesday
Comment
नगर पंचायत सिकंदरा में कार्यपालक पदाधिकारी की मनमानी, विकास विरोधी रवैये और भेदभावपूर्ण कार्यशैली के विरोध में बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। आज बुधवार को नगर पंचायत के 7 वार्ड पार्षदों ने सामूहिक रूप से अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इन पार्षदों ने आरोप लगाया है कि 12 में से 8 वार्ड पार्षदों के बहिष्कार के बावजूद कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा अलोकतांत्रिक एवं अनुचित तरीके से नगर पंचायत का बजट पारित कर दिया गया, जो कि पूर्णतः गलत है। पार्षदों का आरोप है कि कार्यपालक पदाधिकारी अनीशा कुमारी द्वारा नगर विकास एवं प्रशासन से जुड़ी गंभीर लापरवाहियों और मनमानीपूर्ण कार्यशैली अपनाई जा रही है, जिससे नगर क्षेत्र का समुचित विकास प्रभावित हो रहा है।
एक साल में एक भी योजना का कार्यादेश निर्गत नहीं होना इसका स्पष्ट प्रमाण है। जिसके विरोधस्वरूप 7 पार्षदों ने जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा को अपना इस्तीफा सौंपा।इस्तीफा देने वालों में वार्ड संख्या 01 की पार्षद अनीता देवी, वार्ड संख्या 03 के पार्षद राजेश मिश्रा, वार्ड संख्या 06 की रेखा देवी, वार्ड संख्या 07 की अनीता देवी, वार्ड संख्या 08 की सीता देवी, वार्ड संख्या 09 की तारा देवी और वार्ड संख्या 10 की निशा देवी शामिल हैं। हालांकि जिलाधिकारी ने पार्षदों के इस्तीफे की पेशकश को फिलहाल अस्वीकार करते हुए आश्वासन दिया है कि नगर पंचायत की कार्यप्रणाली अब उनकी निगरानी में संचालित होगी।
उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी अनीशा कुमारी को तलब कर नियमों के तहत कार्य करने का कड़ा निर्देश दिया। साथ ही, जिलाधिकारी ने अलोकतांत्रिक तरीके से पारित बजट को निरस्त कर नए सिरे से बोर्ड की बैठक बुलाकर उचित प्रक्रिया के तहत बजट पारित करने का निर्देश भी दिया। उन्होंने सभी वार्डों में विकास कार्यों को तेजी से लागू करने और सशक्त स्थायी समिति की बैठक में लिए गए प्रस्तावों को बोर्ड की संपुष्टि प्राप्त करने का भी आदेश दिया। नगर पंचायत सिकंदरा की यह घटना स्थानीय राजनीति में हलचल का विषय बन गई है और आने वाले दिनों में इसके राजनीतिक असर देखने को मिल सकते हैं।
0 Response to "नगर पंचायत सिकंदरा में राजनीतिक भूचाल: कार्यपालक पदाधिकारी की मनमानी के खिलाफ 7 वार्ड पार्षदों ने दिया सामूहिक इस्तीफा।"
Post a Comment